भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार, “भाजपा को निवेश नहीं, केवल राजनीति दिखती है”

भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार, “भाजपा को निवेश नहीं, केवल राजनीति दिखती है”

रांची/ हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है, राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। उक्त बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कही है।

आज एक बार फिर दूबे ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर तीखा जुबानी हमला बोला। भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेशी दौरों और निवेश प्रस्तावों पर सवाल उठाए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा को झारखंड में बढ़ती वैश्विक पहचान और निवेशकों के बढ़ते भरोसे से राजनीतिक बेचौनी हो रही है।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि जिस भाजपा ने 25 वर्षों तक झारखंड में सरकार चलाकर 100 से अधिक एमओयू किए, वह एक भी बड़ा उद्योग धरातल पर नहीं उतार सकी। भाजपा शासनकाल में न उद्योग नीति स्पष्ट थी, न निवेशकों का भरोसा और न ही युवाओं को रोजगार देने की कोई ठोस योजना। उन्होंने कहा कि आज वही भाजपा निवेश और उद्योग पर सवाल उठा रही है, जिसने राज्य को बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक ठहराव की स्थिति में पहुंचाया।

उन्होंने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विदेशी दौरों को “राजनीतिक पर्यटन” कहना झारखंड के विकास और निवेश प्रयासों का अपमान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि निवेश प्रक्रियाएं चरणबद्ध होती हैं और किसी भी बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट को जमीन पर उतरने में समय लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर भ्रम फैलाकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाना चाहती है।

आलोक कुमार दूबे ने कहा, “भाजपा को यह बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में हुए एमओयू का क्या हुआ? कितनी फैक्ट्रियां लगीं? कितने युवाओं को स्थायी रोजगार मिला? भाजपा केवल घोषणाओं और प्रचार की राजनीति करती रही, जबकि हेमंत सरकार वास्तविक निवेश, रोजगार और विकास की दिशा में काम कर रही है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा आज महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों पर जवाब देने की स्थिति में नहीं है। इसी कारण वह निवेश और विदेशी दौरों को लेकर अनावश्यक विवाद पैदा कर रही है।

आलोक कुमार दूबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि देश में बढ़ती महंगाई, गिरती अर्थव्यवस्था और युवाओं की बेरोजगारी पर केंद्र सरकार की क्या नीति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विदेश दौरों में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के कठिन सवालों से बचते रहे हैं, जबकि देश की जनता रोजगार और राहत की उम्मीद में जवाब मांग रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा हिंदुस्तान-पाकिस्तान, मंदिर-मस्जिद और धार्मिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों को उछालकर जनता को असली समस्याओं से भटकाने का काम करती रही है। लेकिन अब देश और झारखंड की जनता विकास, निवेश, रोजगार और आर्थिक राहत पर जवाब चाहती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार झारखंड को उद्योग, निवेश और रोजगार का नया केंद्र बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक परिणाम भी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए, न कि हर सकारात्मक पहल पर राजनीति करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »